उत्तर प्रदेश के रहने वाले त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक अनुराग धनखड़ का शव मिलने से पूरे प्रशासनिक महकमे में सनसनी फैल गई है। सोमवार सुबह उन्हें पुलिस मुख्यालय के अंदर अचेत अवस्था में पाया गया। आनन-फानन में वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का कहना है कि यह मामला खुदकुशी का प्रतीत होता है। फिलहाल उनका शव अगरतला के एक बड़े अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक विज्ञान की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और बारीकी से साक्ष्य जुटाने में लग गई है।
आईपीएस अधिकारी का परिचय
अनुराग धनखड़ एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी थे और वे 1994 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी थे। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बिहारीपुर गांव के रहने वाले थे। अपने लंबे और शानदार करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों की जांच की थी। उन्होंने देश चर्चित उन्नीस सौ चौरासी के सिख विरोधी दंगों के मामलों की भी निष्पक्ष जांच की थी। उनकी अचानक हुई इस तरह की मौत से हर कोई हैरान है।