बीजापुर। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के मध्य सेक्टर, लखनऊ के महानिरीक्षक अनिल कुमार ने 17 से 19 जुलाई 2026 तक 85वीं बटालियन सीआरपीएफ, बीजापुर का तीन दिवसीय वार्षिक निरीक्षण एवं दौरा किया।
दौरे के दौरान उन्होंने कमांडेंट सुनील कुमार राही के साथ बटालियन मुख्यालय नयापारा तथा मुदवेण्डी, पुसनार और हिरोली स्थित कंपनी कैंपों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं, संचालन और जवानों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।

महानिरीक्षक ने जवानों से संवाद करते हुए उनके मनोबल की सराहना की और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में उनके योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों में सुधार के बावजूद सभी जवानों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और सजगता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहना चाहिए, ताकि क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने जवानों को शारीरिक फिटनेस बनाए रखने के लिए प्रेरित किया तथा सैनिक सम्मेलन में भाग लेकर बल की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। सम्मेलन के दौरान जवानों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।