मालदा। जिले के हरिश्चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी घमासान के बीच तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों में छिड़ी जंग ने सियासी गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। राज्य के निवर्तमान मंत्री ताज़मुल हुसैन के पैतृक गांव बांगरुआ में स्थिति तब बेकाबू हो गई जब टीएमसी के चुनावी कैंप ऑफिस में जमकर उत्पात मचाया गया। बूथ संख्या 200 और 201 पर स्थित पार्टी कार्यालय में हुई इस तोड़फोड़ ने बंगाल चुनाव के पहले चरण में सत्तारूढ़ दल के भीतर मची आपसी कलह को सड़क पर ला दिया है।
भितरघात के आरोपों से सियासी पारा चढ़ा
इस पूरे बवाल के पीछे हरिश्चंद्रपुर-I ब्लॉक पंचायत समिति के टीएमसी नेता स्वपन अली ने बेहद गंभीर और सनसनीखेज दावे किए हैं। स्वपन अली का सीधा आरोप है कि खुद मंत्री ताज़मुल हुसैन और उनके समर्थक पर्दे के पीछे से कांग्रेस पार्टी के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। आरोप के मुताबिक मंत्री के निर्देश पर उनके करीबियों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अपनी ही पार्टी के कैंप ऑफिस पर हमला बोला और वहां लगे ममता बनर्जी के झंडे और बैनरों को फाड़ दिया। इस घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पार्टी के भीतर चल रही इस गुटबाजी ने शीर्ष नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है।