बलौदाबाजार में कलयुगी बेटे का खौफनाक कदम: पारिवारिक कलह में मां को उतारा मौत के घाट, खून से सने हाथों के साथ खुद पहुंचा थाना

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के मगरवाय ग्राम में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाले 42 वर्षीय धनेश्वर प्रसाद वर्मा ने मामूली पारिवारिक विवाद के चलते अपनी ही 65 साल की बूढ़ी मां बेबी बाई वर्मा की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने गुस्से में आकर लकड़ी के भारी पटिया से मां के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए जिससे बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इस रूह कंपा देने वाली घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने के बजाय सीधे कोतवाली थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने कलयुगी बेटे को तत्काल हिरासत में ले लिया है और उससे हत्या की मूल वजह जानने के लिए पूछताछ की जा रही है।

घर के भीतर बिछी थी बुजुर्ग की लाश: एफएसएल की टीम ने जुटाए मौके से साक्ष्य, खौफनाक मंजर देख दहल उठा गांव

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की विशेषज्ञ टीम मौके पर पहुंची जहां घर के भीतर का दृश्य देख हर कोई दंग रह गया। मृतका का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था और सिर पर गहरे घाव के निशान चीख-चीखकर आरोपी की क्रूरता बयां कर रहे थे। पुलिस ने घटना स्थल से हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का पटिया बरामद कर लिया है और पंचनामा की कार्यवाही पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। जांच टीम इस बात का भी पता लगा रही है कि वारदात के समय घर में और कौन मौजूद था और क्या यह विवाद लंबे समय से चला आ रहा था। इलाके के लोग इस घटना के बाद से गहरे सदमे में हैं और पुलिस पड़ोसियों के बयान दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुटी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *