आईजी दीपक कुमार झा ने किया सरगुजा का वार्षिक निरीक्षण: रक्षित केंद्र में ली परेड की सलामी, पुलिस दरबार में सुनीं जवानों की समस्याएं

अम्बिकापुर (सरगुजा): पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा द्वारा सोमवार को सरगुजा जिले का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र अंबिकापुर पहुंचकर परेड की सलामी ली तथा पुलिस बल के अनुशासन, वेश-भूषा और कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। परेड के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आईजी ने पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

निरीक्षण के दौरान आईजी दीपक कुमार झा ने रक्षित केंद्र में उपलब्ध शासकीय वाहनों, कैश शाखा, स्टोर शाखा और पुलिस कैंटीन का जायजा लिया। उन्होंने वाहनों के उचित रख-रखाव और कार्यालयीन व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुलिस दरबार में सुनीं समस्याएं, दिए निर्देश

निरीक्षण के बाद आयोजित पुलिस दरबार में आईजी ने जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं। कई समस्याओं का उन्होंने मौके पर ही निराकरण किया। उन्होंने पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को सख्त अनुशासन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। वर्तमान समय की मांग को देखते हुए उन्होंने सभी को कंप्यूटर का अनिवार्य ज्ञान रखने की सलाह दी ताकि आधुनिक पुलिसिंग को बेहतर बनाया जा सके।

नशे और भ्रष्टाचार से दूर रहने की हिदायत

आईजी दीपक कुमार झा ने पुलिस बल को नशे से दूर रहने और भ्रष्टाचार से बचने की सख्त समझाइश दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की छवि जनता के बीच एक ईमानदार संस्था के रूप में होनी चाहिए। यदि किसी भी आपराधिक गतिविधि में पुलिसकर्मी की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण

निरीक्षण के दौरान आईजी ने पीसीएंडआर मद के अंतर्गत रक्षित केंद्र में कराए गए विभिन्न निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का लोकार्पण किया। इसमें बाउंड्री वॉल, मीटिंग हॉल की मरम्मत, विशेष शाखा का रिनोवेशन और परेड मंच जैसे कार्य शामिल हैं। इससे पूर्व उन्होंने थाना गांधीनगर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी जायजा लिया था, जहां लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए थे।

इस वार्षिक निरीक्षण के दौरान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, एसडीओपी सीतापुर राजेंद्र मंडावी, एसडीओपी ग्रामीण तुल सिंह पट्टावी सहित सभी थाना व चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *