बालोद में भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक की टक्कर में तीन युवकों की मौके पर मौत

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के खैरडीह गांव के पास कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान तरुण कुमार यादव (20 वर्ष), राहुल सेवता (20 वर्ष) निवासी सीर्राभाठा और नरेंद्र भुआर्य (21 वर्ष) निवासी ग्राम मुड़खुसरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार दल्लीराजहरा से राजनांदगांव की ओर जा रही थी, जबकि तीनों युवक बाइक से देवरी की तरफ से डौंडीलोहारा आ रहे थे।

खैरडीह गांव के पास दोनों वाहनों के बीच तेज रफ्तार में सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवारों के घर पहुंच रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन भी लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील कर रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *