कोरबा में रूह कंपा देने वाली वारदात: शक के चलते पति ने पत्नी का सिर धड़ से अलग किया, कटा हुआ सर लेकर पूरे गांव में घूमता रहा हत्यारा

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक ऐसी खौफनाक खबर सामने आई है जिसे सुनकर रूह कांप जाए। जटगा थाना क्षेत्र के बुंदेली गांव में चरित्र पर संदेह के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी सालिक राम यादव ने विवाद के दौरान अपना आपा खो दिया और चाकू से हमला कर अपनी पत्नी छेक बाई का सिर धड़ से अलग कर दिया। रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह है कि हत्या करने के बाद आरोपी अपनी पत्नी का कटा हुआ सिर हाथ में लेकर सरेआम गांव की गलियों में घूमता रहा जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

शराब के नशे में खूनी खेल और बच्चों के सामने वारदात

बता दें कि आरोपी सालिक राम एक पोल्ट्री फार्म में चौकीदारी का काम करता था और वहीं अपने चार बच्चों के साथ रहता था। वारदात के वक्त घर में दो मासूम बच्चे भी मौजूद थे जिनके सामने ही पिता ने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। मैदानी सूत्रों के अनुसार पति-पत्नी दोनों ने घटना के समय शराब पी रखी थी और उनके बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। ग्रामीणों द्वारा बनाए गए वीडियो में साफ दिख रहा है कि आरोपी बिना किसी पछतावे के खून से सना सिर लेकर घूम रहा था जिसे देखकर लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

पुलिस की पूछताछ में हैरान करने वाला कबूलनामा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। जब पुलिस ने आरोपी के खून से सने कपड़ों के बारे में सवाल किया तो उसने बेहद चौंकाने वाला जवाब देते हुए कहा कि यह उसकी पत्नी का खून है जिससे वह बहुत प्यार करता था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कटे हुए सिर को बोरी में भरकर खुद थाने ले जाने की फिराक में था लेकिन उससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मौके से साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *