गरियाबंद में दिल दहला देने वाला हादसा: बिजली के तार की चपेट में आने से युवक जिंदा जला, बाइक के उड़े परखच्चे

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दसपुर बांध के पास यह घटना शुक्रवार को हुई। खंभे से टूटकर लटक रहे हाई वोल्टेज बिजली के तार ने एक बाइक सवार की जान ले ली। करंट इतना भीषण था कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह अपनी बाइक समेत आग की लपटों में घिर गया।

मृतक की पहचान दसपुर निवासी 37 वर्षीय यशवंत ध्रुव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, यशवंत जंगल से तेंदूपत्ता संग्रहण कर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में बिजली के खंभे से 11 किलोवाट की हाई सप्लाई लाइन का तार टूटकर नीचे लटक रहा था। बाइक चलाते समय यशवंत की गर्दन सीधे उस तार में जा फंसी। करंट लगने के साथ ही बाइक में आग लग गई और देखते ही देखते युवक जिंदा जल गया। इस भयावह दृश्य को देखकर इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

घटना की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बिजली आपूर्ति बंद करवाकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश यादव ने बताया कि मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि बिजली विभाग की ओर से इस मामले में क्या लापरवाही रही और तार टूटने की जानकारी पहले से थी या नहीं।

इस घटना ने बिजली विभाग के रख-रखाव पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में विभाग के प्रति भारी आक्रोश है, उनका आरोप है कि लटकते तारों की शिकायत के बावजूद समय पर ध्यान नहीं दिया जाता। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों का निर्धारण जांच रिपोर्ट के आधार पर किया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में शोक का माहौल है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *