राजधानी रायपुर में लेंसकार्ट कंपनी के ड्रेस कोड को लेकर उपजा विवाद अब सड़कों पर आ गया है। धर्म जागरण समिति की सह संयोजिका भारती वैष्णव ने कार्यकर्ताओं के साथ लेंसकार्ट के शोरूम में दस्तक दी और वहां मौजूद कर्मचारियों को तिलक लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जय श्री राम के नारे लगाए और स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी कंपनी द्वारा हिंदू विरोधी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कंपनी ने विवाद पर मांगी माफी और जारी की नई गाइडलाइन
विवाद की जड़ सोशल मीडिया पर वायरल वह वीडियो है जिसमें दावा किया गया कि कंपनी तिलक, कलावा और जनेऊ पहनने पर रोक लगाती है जबकि अन्य धार्मिक प्रतीकों की अनुमति है। भारती वैष्णव ने इसी भेदभाव को आधार बनाकर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। हालांकि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कंपनी ने पहले ही स्पष्टीकरण जारी कर दिया है। कंपनी ने अपने बयान में कहा कि उनकी नई गाइडलाइन में तिलक, सिंदूर, मंगलसूत्र, हिजाब और पगड़ी जैसे सभी धार्मिक प्रतीकों का सम्मान के साथ स्वागत किया जाता है। कंपनी ने किसी की भावनाएं आहत होने पर खेद जताते हुए भविष्य में समानता के साथ काम करने का भरोसा दिया है।