मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से दोकड़ा छात्रावास में बहाल हुई बिजली आपूर्ति

ट्रांसफार्मर बदलते ही दूर हुई छात्रों की परेशानी, पढ़ाई का अनुकूल माहौल हुआ बहाल

छात्रों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का जताया आभार

जशपुरनगर, 21 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल से विकासखंड कांसाबेल के ग्राम दोकड़ा स्थित शासकीय बालक प्री एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में बिजली आपूर्ति पुनः बहाल हो गई है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण छात्रावास में विद्युत व्यवस्था बाधित थी, जिससे छात्रों को पढ़ाई सहित दैनिक गतिविधियों में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। छात्रावास अधीक्षक ने इस समस्या से मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय को अवगत कराते हुए बताया कि छात्रावास के समीप स्थापित ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरे छात्रावास में अंधेरा छाया हुआ है। बिजली नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी तथा छात्रावास के नियमित संचालन में भी अनेक कठिनाइयाँ आ रही थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय ने आवश्यक पहल की। जिस पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुँची और खराब ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया। इसके बाद छात्रावास में बिजली आपूर्ति फिर से सुचारू रूप से शुरू हो गई। बिजली बहाल होने पर छात्रावास के विद्यार्थियों ने राहत व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि समय पर की गई इस पहल से उनकी सबसे बड़ी समस्या का समाधान हो गया है और अब वे बेहतर वातावरण में नियमित रूप से अध्ययन कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *