हाथी के हमले से बुजुर्ग महिला की मौत

कोरिया जिले के देवगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत शेराडाँड़ के जंगल में मंगलवार देर रात एक दंतैल हाथी के हमले में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सन बसिया के रूप में हुई है, जो जंगल में झोपड़ी बनाकर अकेले रह रही थी।

जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति के साथ जंगल में रहकर गाय पालन और खेती कर जीवन यापन करती थी। करीब तीन माह पहले पति की मौत के बाद भी वह वहीं अकेले रह रही थी। इसी दौरान देर रात जंगल में विचरण कर रहे हाथी ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना स्थल पर हाथी के पैर के निशान मिले हैं, जिससे स्पष्ट हुआ कि हमला हाथी द्वारा ही किया गया। प्रारंभिक अनुमान है कि हाथी गुरुघासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व की ओर से इस क्षेत्र में पहुँचा होगा।

सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सोनहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वन विभाग द्वारा मृतका के परिजनों को तत्काल सहायता राशि 25 हजार रुपये प्रदान की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *