जन्मदिन पार्टी में शराब के लिए पैसे मांगने पर विवाद, बीयर बोतल से हमला; दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार..

रमेश गुप्ता भिलाई । जन्मदिन कार्यक्रम के दौरान शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने पैसे देने से इनकार करने पर युवक के साथ गाली-गलौच करते हुए बीयर की बोतल से हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा के अनुसार, 20 अप्रैल को प्रार्थी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने मित्रों के साथ सेक्टर-07 मार्केट के पास जन्मदिन मना रहा था। इसी दौरान आरोपीगण वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगे। मना करने पर उन्होंने गाली-गलौच शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए बीयर की बोतल से प्रार्थी की पीठ पर हमला कर घायल कर दिया।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपी डी. अजय एवं एस. विजय को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरा आरोपी ए. मयंक फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
घटनास्थल सेक्टर-07 मार्केट के पास मैदान एवं जयंती स्टेडियम के सामने बताया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बीयर की टूटी हुई बोतल भी जप्त कर ली है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना का मुख्य कारण शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर उत्पन्न विवाद रहा। वहीं, पूरे मामले में थाना भिलाई नगर पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *