ईरान में बिगड़ते हालात: भारत सरकार ने नागरिकों को तत्काल देश छोड़ने की सलाह दी

तेहरान, 14 जनवरी 2026: ईरान में जारी राजनीतिक अस्थिरता, हिंसक प्रदर्शनों और तेजी से बदलते सुरक्षा परिदृश्य के कारण भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों को उपलब्ध साधनों से जल्द से जल्द ईरान छोड़ने का आग्रह किया है।

दूतावास द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि यह एडवाइजरी भारत सरकार द्वारा 5 जनवरी 2025 को जारी की गई पूर्व सलाह का विस्तार है। बयान में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि ईरान में लगातार बदलते हालातों को देखते हुए भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे कमर्शियल उड़ानों सहित किसी भी उपलब्ध परिवहन माध्यम से यथाशीघ्र ईरान छोड़ दें।

यह सलाह छात्रों, तीर्थयात्रियों, कारोबारियों, पर्यटकों तथा अन्य सभी श्रेणियों के भारतीय नागरिकों पर लागू है। दूतावास ने भारतीय नागरिकों तथा भारत की मूल निवासी (पीआईओ) से अपील की है कि वे पूरी सतर्कता बरतें, किसी भी विरोध प्रदर्शन, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों या अशांत इलाकों से दूर रहें तथा स्थानीय मीडिया और विश्वसनीय स्रोतों के माध्यम से स्थिति पर निरंतर नजर रखें।

दूतावास ने आगे कहा है कि सभी भारतीय नागरिक अपने पासपोर्ट, पहचान पत्र तथा अन्य महत्वपूर्ण यात्रा एवं आव्रजन संबंधी दस्तावेज हमेशा अपने साथ सुरक्षित और आसानी से उपलब्ध रखें। किसी भी प्रकार की सहायता या आपात स्थिति में तुरंत भारतीय दूतावास, तेहरान से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

भारतीय दूतावास ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नागरिकों से शीघ्र कार्रवाई करने का आह्वान किया है ताकि संभावित जोखिमों से बचा जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *