खेत में मिला टेंट व्यवसायी का शव, हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

कोंडागांव। शहर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुरेश चौहान के रूप में हुई है, जो टेंट व्यवसायी थे। आशंका है कि हत्या के बाद शव को मिट्टी के मलबे में दबा दिया गया था।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह कोतवाली थाना क्षेत्र में खेत में पड़े मलबे के बीच शव देखा गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

परिजनों ने बताया कि सुरेश शनिवार को घर से वाहन लेकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इसके बाद गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस को मृतक का वाहन घर के पास मिला, जबकि कुछ दूरी पर उनका पर्स पड़ा मिला, जिस पर खून के निशान थे।

मृतक विकासनगर स्थित स्टेडियम ग्राउंड के पास रहता था और क्षेत्र में उसकी अच्छी पहचान थी। पुलिस ने घटनास्थल और घर से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *