भिलाई/दुर्ग। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दुर्ग पुलिस ने आज एक बड़ी पहल की है। पुलिस कंट्रोल रूम (सेक्टर-06, भिलाई) से “पिंक पेट्रोलिंग” अभियान का शानदार आगाज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) विजय अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर इन विशेष टीमों को जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया।

टीम का गठन और तैनाती
महिला सुरक्षा को चौबीसों घंटे चाक-चौबंद रखने के लिए जिले के 13 थाना क्षेत्रों और 01 विशेष रक्षा टीम को मिलाकर कुल 14 पिंक पेट्रोलिंग टीमों का गठन किया गया है।
कमान: प्रत्येक टीम का नेतृत्व एक पीएसआई (PSI) प्रभारी करेंगे।
बल: हर टीम में 4 मुस्तैद पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
कहाँ रहेगी विशेष नजर?
यह टीमें शहर के उन संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार गश्त करेंगी जहाँ महिलाओं और छात्राओं की मौजूदगी ज्यादा होती है:
स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के खुलने और छुट्टी के समय।

प्रमुख बाजार, मॉल, पार्क और गार्डन।
बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थल।
‘पिंक पेट्रोलिंग’ के मुख्य कार्य
त्वरित एक्शन: डायल-112 या महिला हेल्पलाइन से शिकायत मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर वैधानिक कार्रवाई करेगी।
मनचलों पर नकेल: सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक तत्वों और संदिग्धों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
जागरूकता अभियान: महिलाओं को महिला हेल्पलाइन (1091), आपातकालीन सेवा (112) और साइबर हेल्पलाइन (1930) के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सीनियर ऑफिसर्स की देखरेख में मॉनिटरिंग
इस पूरे अभियान के प्रभावी संचालन और मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी उप पुलिस अधीक्षक सुश्री भारती मरकाम और सुश्री आकर्षि कश्यप को सौंपी गई है।
शुभारंभ के इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर (शहर),मलीशंकर चंद्रा (ग्रामीण), श्रीमती ऋचा मिश्रा (यातायात) सहित जिले के कई सीएसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारी मौजूद रहे।
दुर्ग पुलिस की अपील: दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत डायल-112 या 1091 पर सूचना दें। आपकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।