रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बहुप्रतीक्षित CCPL सीजन-3 का आगाज 3 जून से होने जा रहा है। यह क्रिकेट महासंग्राम 14 जून तक चलेगा, जिसमें प्रदेश के अलग-अलग शहरों के नाम पर बनी 6 टीमें हिस्सा लेंगी। बीते दो वर्षों से लगातार आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता को इस बार और भी भव्य और रोमांचक बनाने की तैयारी की गई है।
आयोजकों ने बताया कि पिछले सीजन में बारिश की वजह से फाइनल मुकाबला पूरा नहीं हो पाया था, जिसके चलते दो टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था। खास बात यह है कि इस बार उद्घाटन मुकाबला 3 जून को उन्हीं दोनों संयुक्त विजेता टीमों के बीच खेला जाएगा।
CCPL सीजन-3 की ओपनिंग सेरेमनी को खास बनाने के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री मौनी रॉय भी सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगी। उनके लाइव परफॉर्मेंस को लेकर क्रिकेट प्रेमियों और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इस सीजन में दर्शकों के मनोरंजन और सहभागिता को ध्यान में रखते हुए कई आकर्षक इनाम भी रखे गए हैं। आयोजकों के मुताबिक मैच देखने के लिए दर्शकों को ऑनलाइन निशुल्क टिकट बुकिंग करनी होगी। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद मिलने वाले कूपन कोड के जरिए स्टेडियम में फिजिकल टिकट प्रदान की जाएगी। प्रत्येक टिकट पर एक विशेष नंबर अंकित रहेगा, जिसके आधार पर रोजाना 10 लकी ड्रा निकाले जाएंगे।
लकी ड्रा में दर्शकों के लिए नगद पुरस्कार समेत कई आकर्षक इनाम रखे गए हैं। प्रतियोगिता का पहला बड़ा इनाम स्कूटी होगा। इसके अलावा मैच के दौरान यदि कोई खिलाड़ी स्टैंड की ओर सिक्स लगाता है और दर्शक उस गेंद को कैच कर लेते हैं, तो उन्हें मौके पर ही ₹10 हजार नगद पुरस्कार दिया जाएगा। “पकड़ो कैच-जीतो कैश” का यह कांसेप्ट दर्शकों के उत्साह को और बढ़ाने वाला है।
आयोजकों का कहना है कि CCPL का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ की उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को एक मजबूत मंच प्रदान करना है, ताकि युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिल सके। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में अभी से खासा उत्साह देखा जा रहा है।