प्रतापपुर /पुलिस अधीक्षक सूरजपुर के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना चंदौरा पुलिस द्वारा ग्राम पंचायत चंदौरा के मुख्य बाजार क्षेत्र में जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आम नागरिकों, व्यापारियों, ग्रामीणों एवं बाजार में मौजूद लोगों को डायल 112 सेवा के महत्व एवं उसके उपयोग के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को बताया कि डायल 112 सेवा आम जनता की सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता के लिए संचालित की जा रही है। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति जैसे सड़क दुर्घटना, मारपीट, चोरी, विवाद, महिला संबंधी अपराध, संदिग्ध गतिविधि अथवा अन्य किसी घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर देकर त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही नजदीकी पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता प्रदान करती है।

जागरूकता अभियान के दौरान बाजार क्षेत्र में मौजूद लोगों को यह भी समझाया गया कि कई बार छोटी घटनाओं को नजरअंदाज करने से बड़ी घटनाएं घटित हो जाती हैं, इसलिए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देना जरूरी है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी घटना की सही जानकारी पुलिस तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर थाना चंदौरा पुलिस द्वारा साइबर सुरक्षा के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया गया। ग्रामीणों एवं व्यापारियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, बैंक खातों से संबंधित धोखाधड़ी, ओटीपी साझा करने एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंकिंग जानकारी, एटीएम नंबर, ओटीपी या पासवर्ड साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
इसके साथ ही यातायात जागरूकता अभियान के तहत लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, तेज गति से वाहन न चलाने एवं नाबालिगों को वाहन नहीं देने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, व्यापारी एवं बाजार में उपस्थित लोग शामिल रहे। लोगों ने पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को कानून एवं सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होती है। थाना चंदौरा पुलिस ने आम जनता से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने एवं क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।