रायपुर।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 की तारीखों में बड़ा बदलाव किया है। पूर्व में यह परीक्षा 16 से 19 मई 2026 तक होनी थी, जिसे अब स्थगित कर दिया गया है। आयोग द्वारा जारी नई समय-सारिणी के अनुसार, अब यह मुख्य परीक्षा 06, 07, 08 और 09 जून 2026 को आयोजित की जाएगी।
यह परीक्षा प्रदेश के पांच प्रमुख जिला मुख्यालयों रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर और अम्बिकापुर में निर्धारित केंद्रों पर होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से 10 दिन पहले आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। समय में हुए इस बदलाव से मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय मिल गया है। विस्तृत जानकारी और भविष्य के अपडेट के लिए अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट का अवलोकन करते रहें।