सक्ती में खूनी खेल: रिश्तेदार को पीटने से मना किया तो दाग दी गोली, कट्टे और रिवाल्वर के साथ दो गिरफ्तार

सक्ती के कर्रापाली में रिश्तेदारों पर जानलेवा फायरिंग: समझाने पहुंचे परिजनों को रिवाल्वर से मारी गोली, बाल-बाल बची जान; देशी रिवाल्वर और कट्टे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

सक्ती जिले के कर्रापाली गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान समझाइश देने पहुंचे रिश्तेदारों पर जानलेवा फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी रिवाल्वर, एक देशी कट्टा तथा घटनास्थल से फायरिंग में इस्तेमाल रिवाल्वर राउंड का खाली कैस बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, मामला थाना सक्ती के अपराध क्रमांक 251/2026 से संबंधित है, जिसमें धारा 109(1), 296, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

प्रार्थी अजय सिंह गोंड़ (36 वर्ष), निवासी बालपुर, थाना चांपा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 जून को वह अपने चाचा ससुर महंगु गोंड़ के बुलावे पर ग्राम कर्रापाली गया था। वहां उसकी रिश्तेदार तीजबाई को उसके पति दिलेश्वर सिदार द्वारा लगातार मारपीट और प्रताड़ित किए जाने की जानकारी मिलने पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आरोपी को समझाने पहुंचे थे। इस दौरान दिलेश्वर सिदार नाराज होकर वहां से चला गया।

शिकायत के अनुसार, शाम करीब 5:30 बजे जब अजय सिंह गोंड़, बुंदीबाई, महंगु गोंड़ और रमेश गोंड़ वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी कर्रापाली के बाहर तालाब के पास दिलेश्वर सिदार और उसका साथी सोमदेव सिदार मिले। आरोप है कि दोनों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान दिलेश्वर सिदार ने अपने पास रखे रिवाल्वर से जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली सड़क पर लगी, जबकि सभी लोग झुककर और पीछे हटकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के समय सोमदेव सिदार भी हथियार लेकर आरोपी का साथ दे रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी दिलेश्वर सिदार (30 वर्ष) निवासी कर्रापाली और सोमदेव सिदार (31 वर्ष) निवासी पतेरापाली को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने दिलेश्वर सिदार के कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी रिवाल्वर तथा सोमदेव सिदार के कब्जे से एक देशी कट्टा जब्त किया। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर फायरिंग में इस्तेमाल रिवाल्वर राउंड का खाली कैस भी बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर उप जेल सक्ती भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *