गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ गांव से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां सोमवार तड़के घरेलू विवाद के चलते एक नाबालिग भाई ने अपने ही सगे बड़े भाई, भाभी और उनके तीन साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी। यह खौफनाक वारदात सोमवार सुबह लगभग 3 बजे की बताई जा रही है, जिसकी जानकारी सुबह 112 आपातकालीन नंबर के जरिए पुलिस को मिली। तिहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी साउथ दिनेश कुमार सिंह भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
जब पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, तो घर के एक बंद कमरे के अंदर तीन शव लहूलुहान हालत में मिले, जिनकी पहचान 30 वर्षीय अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और उनके 3 साल के मासूम बेटे रेयांश गुप्ता के रूप में हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भागने की फिराक में लगे आरोपी नाबालिग भाई को हिरासत में ले लिया है और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है। ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, परिवार में पिछले कुछ समय से घरेलू कलह चल रही थी, जो सोमवार तड़के इस कदर बढ़ी कि गुस्से में आकर नाबालिग ने पूरे परिवार को खत्म करने का आत्मघाती कदम उठा लिया। मामले की जानकारी देते हुए एसपी साउथ दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फॉरेंसिक टीम ने मौके से सभी साक्ष्य सुरक्षित कर लिए हैं।