जनधारा संवाददाता : अनूप वर्मा
चारामा /हल्बा
चौकी हल्बा थाना नरहरपुर पुलिस ने करीब 8 महीने पुराने एक अंधे कत्ल के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता हासिल की है। जमीन बिक्री की रकम हड़पने की नीयत से रची गई इस साजिश में गांव के सरपंच को ही मास्टरमाइंड पाया गया है। पुलिस ने सरपंच समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
क्या था पूरा मामला?
घटना पिछले वर्ष 2025 की है। ग्राम डुमरपानी निवासी मिलन पटेल (उम्र 75 वर्ष) ने अप्रैल 2025 में अपनी जमीन का सौदा ₹16 लाख 50 हजार में किया था। खरीदार की ओर से एडवांस के रूप में ₹1.50 लाख दिए गए थे, लेकिन बिचौलियों और आरोपियों ने मिलकर मिलन पटेल को केवल ₹46 हजार दिए और शेष रकम आपस में बांट ली। यहां तक कि खरीदार द्वारा दिया गया चेक भी सरपंच कंशराम नेताम ने अपने पास रख लिया।
जब मिलन पटेल की बेटी जगेश्वरी पटेल को जमीन बिक्री की जानकारी मिली, तो उसने गांव में शिकायत करने और बैठक बुलाने की बात कही। अपनी हेराफेरी पकड़े जाने के डर से सरपंच कंशराम नेताम ने मिलन पटेल को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची।
शराब में जहर देकर की गई हत्या
साजिश के तहत 27 जुलाई 2025 को सरपंच ने आरोपी बिहारी लाल और सोना राम को अपने घर बुलाकर ₹10,000 नगद और दो पौआ शराब व जहर की डिब्बी दी। उन्होंने यह सामग्री वतन पटेल को सौंपकर मिलन पटेल को पिलाने के लिए कहा। वतन पटेल ने शुरुआत में मना किया, लेकिन ₹10,000 का लालच और जमीन बिक्री से और पैसे मिलने के प्रलोभन में वह तैयार हो गया।
इसके बाद वतन पटेल ने मिलन पटेल के घर जाकर स्टील के गिलास में शराब के साथ जहर घोलकर उन्हें पिला दिया। जहर के असर से मिलन पटेल की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें नरहरपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान 29 जुलाई 2025 को उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस की सूझबूझ से खुला राज
शुरुआत में इसे सामान्य मर्ग (क्र. 63/2025) मानकर जांच की जा रही थी। जांच के दौरान मृतक की पुत्री जगेश्वरी पटेल और गवाहों ने वतन पटेल पर शक जताया। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक अविनाश ठाकुर (डीएसपी) के पर्यवेक्षण में चौकी हल्बा प्रभारी और नरहरपुर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई।
जब पुलिस टीम ने संदेही वतन पटेल को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने सारा राज उगल दिया और अपने साथियों के नाम भी बता दिए। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
वतन पटेल पिता गनसू राम पटेल (उम्र 36 वर्ष) – निवासी डुमरपानी
सोना राम सिन्हा पिता रूपनाथ सिन्हा (उम्र 40 वर्ष) – निवासी डुमरपानी
बिहारी लाल शोरी पिता स्व. तुलसी राम शोरी (उम्र 70 वर्ष) – निवासी डुमरपानी
कंशराम नेताम (सरपंच) पिता स्व. कृपाराम नेताम (उम्र 46 वर्ष) – निवासी डुमरपानी
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने में चौकी प्रभारी हल्बा निरीक्षक कोमल भूषण पटेल, थाना प्रभारी नरहरपुर निरीक्षक सोमेश बघेल, सउनि चेतन साहू, राकेश स्वर्ण, पल्टू राम मंडावी, प्र.आर. सुकदेव ध्रुव, चंद्रभान टेकाम, मनराखन मरकाम सहित समस्त स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
कांकेर पुलिस की अपील: > पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अपराध नियंत्रण में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी जिला-उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस के एण्टीक्राईम हेल्पलाईन नंबर 94791-55125 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
हल्बा पुलिस की बड़ी सफलता: अमानत में ख्यानत और हत्या की अंधी गुत्थी सुलझी, सरपंच सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

26
May