गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। कोटमी गांव के भरे बाजार में बदमाशों ने ज्वेलरी कारोबारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, पेण्ड्रा निवासी प्रदीप सोनी करीब 50 वर्ष के थे और सराफा व्यवसाय से जुड़े हुए थे। मंगलवार को वे कोटमी बाजार में अपनी दुकान लगाए हुए थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि आरोपी लूट के इरादे से आए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने पहले कारोबारी से सोने-चांदी के जेवर लूटे। इसके बाद कट्टा निकालकर उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
बताया जा रहा है कि आरोपी एक पल्सर बाइक पर सवार थे। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन ज्यादा खून बहने और गहरी चोट के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या और लूट की घटना ने इलाके की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाजार में मौजूद लोगों का कहना है कि इतनी भीड़ के बीच अपराधियों ने जिस तरह वारदात को अंजाम दिया, उससे लोग सहमे हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे जिले में नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है। पल्सर बाइक सवार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस हत्या और लूट दोनों एंगल से जांच कर रही है। बाजार में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी देने की अपील की गई है।