गरियाबंद। यातायात पुलिस ने रायपुर-देवभोग मार्ग पर यात्री सुरक्षा को ताक पर रखने वाले बस संचालकों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान मोटरयान अधिनियम और परमिट शर्तों का सरेआम उल्लंघन करने वाली 4 यात्री बसों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की गई। निरीक्षण में यह पाया गया कि ये बसें निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक यात्री भरकर चल रही थीं, जो सड़क सुरक्षा के लिहाज से एक गंभीर खतरा है। इसके साथ ही कई बसें अपने अधिकृत रूट और समय-सारणी का पालन न करते हुए मनमाने ढंग से संचालित हो रही थीं।
पुलिस की इस कार्रवाई में नियमों की अनदेखी करने वाली कुल 6 बसों के विरुद्ध 22,100 रुपये का चालान काटा गया है। गरियाबंद पुलिस अधीक्षक ने सख्त लहजे में कहा है कि यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले बस संचालकों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वे ओवरलोड वाहनों में सफर न करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़कों पर नियमों के विरुद्ध वाहन चलाने वालों के खिलाफ यह अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।