महासमुंद: बोर्ड परीक्षा में बड़ी लापरवाही, स्कूल के भीतर छात्रा ने बना लिया वीडियो; केंद्र अध्यक्ष समेत 5 सस्पेंड

महासमुंद: छत्तीसगढ़ में बोर्ड परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा दांव पर लगाने वाले एक मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है। भंवरपुर स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल (SAGES) परीक्षा केंद्र में हुई भारी चूक के बाद 5 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। मामला एक छात्रा द्वारा परीक्षा हॉल के भीतर वीडियो रिकॉर्डिंग करने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने से जुड़ा है।

परीक्षा हॉल में कैसे पहुंचा कैमरा? यह पूरी घटना महासमुंद जिले के परीक्षा केंद्र क्रमांक 171031 (स्वामी आत्मानंद स्कूल, भंवरपुर) की है। बोर्ड परीक्षा के कड़े नियमों के बावजूद एक छात्रा परीक्षा हॉल के भीतर डिजिटल कैमरा लेकर घुस गई। उसने न केवल परीक्षा देते हुए वीडियो बनाया, बल्कि ऑडियो भी रिकॉर्ड किया। जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। लोग सवाल उठाने लगे कि आखिर सघन चेकिंग के बाद भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस अंदर कैसे पहुंची?

जांच में खुली पोल, इन 5 पर गिरी गाज जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) की जांच रिपोर्ट में सामने आया कि केंद्र पर तैनात अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाई। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कड़ी कार्रवाई की है। निलंबित होने वालों में केंद्र अध्यक्ष, सहायक केंद्र अध्यक्ष और पर्यवेक्षक शामिल हैं।

ये कर्मचारी हुए निलंबित:

  1. गंगा प्रसाद पटेल – व्याख्याता (केंद्र अध्यक्ष)
  2. अनिरूद्ध भोई – व्याख्याता (सहायक केंद्र अध्यक्ष)
  3. दिनेश कुमार दास – व्याख्याता (सहायक केंद्र अध्यक्ष)
  4. दुर्गाप्रसाद पटेल – सहायक शिक्षक (पर्यवेक्षक)
  5. विजिया बुड़ेक – नियमित भृत्य (चपरासी)

विभाग की छवि हुई खराब छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम के तहत इन सभी पर कार्रवाई की गई है। शिक्षा विभाग का कहना है कि परीक्षा केंद्र पर तैनात कर्मचारियों की यह ‘घोर लापरवाही’ है। छात्रा का वीडियो वायरल होने से परीक्षा की सुचिता पर सवाल खड़े हुए हैं। फिलहाल, सभी सस्पेंड कर्मचारियों का मुख्यालय अलग-अलग ब्लॉक कार्यालयों में तय कर दिया गया है।

इस कार्रवाई से जिले के अन्य परीक्षा केंद्रों में भी हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने साफ कर दिया है कि ड्यूटी में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *