रमेश गुप्ता
रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा कदम उठाया है। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और त्वरित बनाने के उद्देश्य से क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को 10 नए आधुनिक वाहनों से सुसज्जित किया गया है। शनिवार को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
जाम की सूचना मिलते ही तत्काल पहुंचेगी टीम
नई व्यवस्था के तहत यदि शहर के किसी भी हिस्से में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है तो नागरिक यातायात हेल्पलाइन नंबर 94792 10632 पर सूचना दे सकते हैं। सूचना मिलते ही निकटतम क्यूआरटी टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु करने की कार्रवाई करेगी। इससे लंबे समय तक जाम में फंसे रहने की समस्या से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
रवाना करने से पहले लिया जाम वाले क्षेत्रों का फीडबैक
वाहनों को रवाना करने से पहले पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने शहर के जाम प्रभावित प्रमुख चौराहों और मार्गों की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों से मौके की स्थिति और चुनौतियों की जानकारी लेने के बाद उन्होंने सभी क्यूआरटी टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यातायात बाधित होने की सूचना मिलते ही बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक सामान्य कराया जाए।

आधुनिक उपकरणों से लैस हैं नए वाहन
यातायात पुलिस के अनुसार क्यूआरटी को उपलब्ध कराए गए सभी नए वाहनों को आधुनिक संसाधनों और आवश्यक उपकरणों से सुसज्जित किया गया है। इनकी मदद से सड़क दुर्घटनाओं, ट्रैफिक जाम और अन्य यातायात संबंधी बाधाओं का तेजी से समाधान किया जा सकेगा। इससे पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता भी पहले की तुलना में अधिक प्रभावी होगी।
शहरवासियों से सहयोग की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी जाम या यातायात बाधित होने जैसी स्थिति दिखाई दे तो तत्काल हेल्पलाइन 94792 10632 पर सूचना दें। समय पर मिली सूचना से क्यूआरटी टीम शीघ्र मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य बनाने में मदद करेगी।
बेहतर और जाम-मुक्त राजधानी की दिशा में पहल
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (यातायात) विवेक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) दौलत राम पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) अर्चना झा, सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सुरेंद्र साय पैकरा, रमेश येरेवार, सतीश ठाकुर, सीमा अहिरवार सहित यातायात पुलिस के सभी थाना प्रभारी और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
रायपुर पुलिस का मानना है कि अत्याधुनिक वाहनों से सुसज्जित क्यूआरटी के संचालन से शहर में ट्रैफिक प्रबंधन और अधिक मजबूत होगा तथा नागरिकों को सुरक्षित, व्यवस्थित और जाम-मुक्त यातायात उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।