नई दिल्ली/रायपुर। आम आदमी की रसोई का बजट एक बार फिर बिगड़ने वाला है। अमूल के बाद अब देश की दिग्गज कंपनी मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतों में इजाफा कर दिया है। मदर डेयरी ने पूरे भारत में दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए हैं। ये नई दरें 14 मई, 2026 यानी कल से लागू हो जाएंगी। सिर्फ मदर डेयरी ही नहीं, बल्कि पंजाब की प्रमुख कंपनी वर्का (Verka) ने भी अपने दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं।

क्यों बढ़ी दूध की कीमतें?
मदर डेयरी ने बुधवार को जारी एक बयान में बताया कि पिछले एक साल में किसानों से दूध खरीदने की लागत में लगभग 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी का कहना है कि वे लगातार कोशिश कर रहे थे कि उपभोक्ताओं पर इसका बोझ न पड़े, लेकिन लागत बढ़ने के कारण अब कीमतें बढ़ाना मजबूरी हो गया है। कंपनी ने यह भी साफ किया कि वह अपनी कमाई का करीब 75-80 प्रतिशत हिस्सा सीधे किसानों को देती है, ताकि उन्हें भी सही लाभ मिल सके।
अब कितने में मिलेगा एक लीटर दूध?
दिल्ली-NCR समेत पूरे देश में अब दूध के लिए आपको अपनी जेब और ढीली करनी होगी। नई दरों के बाद कीमतों का गणित कुछ इस तरह होगा:
- फुल क्रीम दूध (पैकेट वाला): अब 72 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।
- टोन्ड दूध (पैकेट वाला): इसकी कीमत 58 रुपये से बढ़कर 60 रुपये हो गई है।
- गाय का दूध: अब 60 रुपये की जगह 62 रुपये प्रति लीटर में मिलेगा।
- डबल टोन्ड दूध: इसकी नई कीमत 54 रुपये प्रति लीटर तय की गई है।
- खुला टोन्ड दूध (थोक): 56 रुपये से बढ़कर अब 58 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
मदर डेयरी का बड़ा बाजार
मदर डेयरी नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) की सहायक कंपनी है, जिसकी शुरुआत 1974 में हुई थी। यह कंपनी हर दिन लगभग 35 लाख लीटर दूध बेचती है। दूध के अलावा यह ‘धारा’ ब्रांड के नाम से खाद्य तेल और ‘सफल’ ब्रांड के नाम से फल-सब्जियां भी बेचती है। पिछले साल कंपनी का कुल टर्नओवर 17 प्रतिशत बढ़कर 20,300 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था। अब अमूल, मदर डेयरी और वर्का, तीनों बड़ी कंपनियों के दाम बढ़ाने से आम जनता के लिए चाय से लेकर मिठाई तक सब कुछ महंगा होने के आसार हैं।