श्रीकाकुलम। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को राज्य के परिवारों के लिए एक अनोखा और बड़ा ऐलान किया है। अब आंध्र प्रदेश में तीसरा बच्चा पैदा करने वाले परिवार को सरकार की तरफ से 30,000 रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। यही नहीं, अगर परिवार में चौथा बच्चा होता है, तो सरकार उसे 40,000 रुपए देगी। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा श्रीकाकुलम जिले के नरसन्नापेटा में आयोजित एक जनसभा के दौरान की।

इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायडू ने खुद माइक संभालकर जनता के सामने यह बात रखी। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या यह सही फैसला नहीं है? उन्होंने मंच से साफ किया कि इस योजना की पूरी गाइडलाइन और नियम एक महीने के भीतर जारी कर दिए जाएंगे। आपको बता दें कि इससे पहले सरकार केवल दूसरा बच्चा होने पर 25,000 रुपए देने पर विचार कर रही थी। लेकिन बाद में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव ने संकेत दिए थे कि सरकार इस योजना का दायरा बढ़ाएगी, जिसे अब मुख्यमंत्री ने लागू कर दिया है।
आखिर मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को यह फैसला क्यों लेना पड़ा? इसके पीछे राज्य की घटती जन्म दर है। मुख्यमंत्री ने चिंता जताते हुए कहा कि आंध्र प्रदेश में युवाओं की संख्या कम हो रही है और बुजुर्गों की आबादी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि दुनिया के नियम के मुताबिक आबादी को स्थिर रखने के लिए प्रजनन दर 2.1 होनी चाहिए, जो कि राज्य में लगातार गिर रही है।
मुख्यमंत्री ने समाज की सोच पर भी बात की। उन्होंने कहा कि आज के समय में अच्छी कमाई वाले जोड़े सिर्फ एक ही बच्चा पैदा करना चाहते हैं। कुछ लोग दूसरा बच्चा तभी करते हैं, जब उन्हें बेटा चाहिए होता है। इस सोच के कारण आबादी का संतुलन बिगड़ रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बच्चों को बोझ न समझें। बच्चे देश और परिवार के लिए एक बड़ी संपत्ति होते हैं। अगर आबादी ऐसे ही कम होती रही, तो आने वाले समय में राज्य की अर्थव्यवस्था और विकास पर इसका बहुत बुरा असर पड़ेगा।