सरायपाली नगर के साथ हो ग्रामीण क्षेत्रों में भी भीषण गर्मी में बिजली कटौती से त्रस्त क्षेत्रवासी

0 बिजली आधारित व्यवसाय व पेयजल व्यवस्था हो रही प्रभावित 0
0 3000 से अधिक कूलर व 400 से अधिक एसी बिकने की जानकारी 0
दिलीप गुप्ता
सरायपाली= इन दिनों नगर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में तेज धूप , भारी गर्मी व उमस के चलते लोगों के लिए यह मौसम भारी कष्टदायक व निरंतर दूभर होते जा रहा है । सरायपाली व आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों 45 डिग्री के आसपास तापमान है । इतनी तेज गर्मी की वजह से नगर का व्यापार भी बुरी तरह प्रभावित हो गया है । सुबह 10 से शाम 5 बजे तक घर से कोई ग्राहक नहीं निकल रहा है और न ही ग्रामीण क्षेत्रों से ग्रामीणजन नगर आ रहे हैं । अत्यावश्यक कार्य हेतु लोग बाहर निकल रहे है । बाहर तेज धूप व गर्मी से परेशान क्षेत्रवासियों के समक्ष घर या दुकान में रहना भी मुश्किल हो रहा है ऊपर से हर आधे घंटे में लाइट के आने -जाने से नगरवासी परेशान व त्रस्त हो चुके है ।


सरायपाली क्षेत्र में गर्मी ऋतु से परेशान लोग अब नौतपा से परेशान हो गए है। तापमान 46 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है ।शहर में भीषण गर्मी और चढ़ते पारे के बीच बिजली की अघोषित कटौती ने नगरवासियों का जीना मुहाल कर दिया है। दिन हो या रात, बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली गुल रहना अब आम बात हो गई है। जिससे स्थानीय नागरिक व व्यवसायी अघोषित बिजली कटौती से परेशान हो चुके है। कभी मेंटेनेंस के नाम से तो कभी ओव्हर लोड कि वजह से बेसमय बिजली काट दी जा रही है । इसके पीछे संभवतः भीषण गर्मी से लगातार कूलरों , एसी, पंखो व ग्रीष्मकालीन मौसमी फसलों के लिए पम्पों का चलन भी है । जिसके कारण ओव्हर लोड कि शिकायतें तकनीकी रूप से उत्पन्न होती है ।


नगर के इलेक्ट्रानिक व इलेक्ट्रिकल व्यवसायियों में अंकित अग्रवाल , राजकुमार अग्रवाल , मनीष , गुप्ता , जयंत व हर्ष पारेख , विजय संचेती , गिरधारी अग्रवाल , पंकज गुप्ता आदि व्यवसायियों ने बताया कि इस वर्ष भीषण गर्मी के कारण नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में 3000 से अधिक कूलर व 400 से अधिक एसी की रिकॉर्ड बिक्री हुई है । यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है ।


गर्मी के इस मौसम में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है। ऐसे में रात के समय होने वाली लंबी कटौती के कारण लोग घरों की छतों और सड़‌कों पर टहलकर रात काटने को मजबूर हैं। सबसे बुरा हाल बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का है। नींद पूरी न होने के कारण कामकाजी लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है। लोग बिजली के अभाव में रात रात भर सो नहीं पा रहे हैं । बिजली गुल रहने का सीधा असर शहर की पेयजल आपूर्ति पर पड़ रहा है। पानी की टंकियां समय पर नहीं भर पा रही हैं, जिससे कई घरों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। सुबह के समय बिजली न रहने से लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। वहीं लाइट बंद होने से घरों में लगे पानी मोटर भी नहीं चल पा रहे हैं ।


ज्यादातर घरों, बहुमंजिला इमारतो , कालोनियों में जमीन के नीचे वाले टैंक से छत पर रखी टंकियों में पानी चढ़ाने के लिए इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल होता है। बिजली न रहने पर लोग अपनी टंकियों में पानी नहीं भर पाते, जिससे दैनिक कार्यों (खाना पकाना, नहाना, साफ-सफाई) के लिए पानी की तुरंत कमी हो जाती है।


स्थानीय उक्त व्यापारी ने बताया कि बिजली
कटौती के कारण इलेक्ट्रॉनिक, आइसक्रीम और वेल्डिंग, कॉमन सर्विस सेंटर, कंप्यूटर दुकान, ऑनलाइन सेंटर, मोबाइल दुकान जैसे कई व्यवसाय पूरी तरीके से प्रभावित हो रहा हैं। दुकानों और घरों में लगे इन्वर्टर भी चार्ज न होने के कारण कुछ ही घंटों में दम तोड़ रहे हैं। बिजली आधारित व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो चुका है ।
इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि कमल अग्रवाल , आईटी सेल के जफर खान आदि ने बताया कि भाजपा सरकार द्वारा बिजली का बिल तो बढ़ा दिया गया है। लेकिन उसके बदले में मिलने वाली सुविधाओं में कोई सुधार नहीं हुआ है। लगातार व अघोषित बिजली बंद से जनजीवन व व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो गया है ।
ऑनलाइन कंप्यूटर सेंटर चलने वाले मनोज सतपथी , रामकुमार पटेल , खालिद अजमेरी , देवांगन , आर्यन कंप्यूटर आदि ने बताया कि बिजली बंद से बहुत परेशान हो गयी है ।जैसे कंप्यूटर चालू करते है कुछ देर बाद बिजली चले जाता है। कोई भी काम बिजली बंद के कारण अच्छे से काम नहीं कर पाते है।
इस संबंध में मोबाइल विक्रेता पंकज सलूजा , भूपेश सलूजा , राजा मोबाइल, मनीष मोबाइल ,शेखर गुप्ता ,श्याम मोबाइल ,श्री राधे मोबाइल , कान्हा मोबाइल ,संतोष मोबाइल व आशीष मोबाइल संचालकों ने बताया कि मोबाइल व कंप्यूटर में कोई भी काम करते रहते है अचानक से बिजली चले जाती है जिसके कारण जो काम करते रहते है ओ अधूरा छूट जाता है। फिर जैसे लाइट आता है फिर उसी काम को दुबारा करते है, जिसके कारण मेहनत और समय दोनों खराब हो जाता है और कस्टमर को एक छोटे से काम के लिए बहुत समय इंतजार करना पडता है। बिजली कटौती से काम अच्छे से नहीं हो पाता जिसके कारण बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में सरायपाली संभाग के कार्यपालन अभियंता टी के पटेल ने बताया कि गर्मी के दिनों में विद्युत खपत बढ़ जाती है जिससे ओव्हर लोड के कारण विद्युत उपकरणों में खराबी आने की संभावना बढ़ जाती है । कोई भी एक उपकरण इस वजह से खराब हुआ या क्षति पहुंचने पर करोड़ों रुपयों का नुकसान उठाना पड़ता है । अत्यधिक लोड के कारण उपकरण गरम हो जाने के कारण जल भी जाते है । इसलिए इन उपकरणों की एसी , कूलर व पंखों के माध्यम से ठंडा रखने का प्रयास किया जाता है साथ ही बीच बीच में कुछ देर के लिए गर्म होने से बचने के लिए भी लाइन बंद करना आवश्यक होता है । इस वजह से भी उपभोक्ताओं को थोड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है । वहीं तारो के टूटने , फ्यूज होने व अन्य कमियों को दूर किए जाने हेतु सुरक्षा को ध्यान में रखते हुवे भी बिजली बंद करनी पड़ती है । ईई श्री पटेल ने कहा कि हमारा प्रयास होता है कि ह्म लगातार बिजली उपलब्ध कराएं किंतु कुछ तकनीकी व सुरक्षा कारणों की वजह से कभी कभी असमय विद्युत आपूर्ति जरूर बाधित होती है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *