पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान संपन्न होने के बाद राज्य में लौटे प्रवासी मजदूर अब कार्यस्थलों की ओर रवाना हो रहे हैं। समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी और जयनगर से आने वाले मजदूरों की भारी भीड़ इन दिनों समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर दिखाई दे रही है।
चुनाव के दौरान वोट डालने के लिए गांव लौटे मजदूर अब ट्रेनों से दिल्ली, मुंबई और अन्य शहरों के लिए रवाना हो रहे हैं। ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ के कारण यात्री ठूंस-ठूंसकर सफर करने को मजबूर हैं। कई लोग जान जोखिम में डालकर गेट पर लटककर यात्रा कर रहे हैं। जयनगर से सियालदह जाने वाली गंगासागर एक्सप्रेस की स्थिति सबसे विकट रही जहां लगेज वैन के गेट तक पर यात्री सवार दिखे। कई यात्रियों को जगह न मिलने से चढ़ना भी संभव नहीं हो सका।
जगह न मिलने से नाराज यात्रियों ने समस्तीपुर स्टेशन के अनारक्षित टिकट काउंटर पर टिकट वापसी के लिए उमड़ी भीड़ लगाई। इस दौरान यात्रियों ने सरकार पर गुस्सा जताते हुए कहा कि चुनावी वादों में पलायन रोकने की बात करने वाले नेता अब मजदूरों की परेशानी पर चुप क्यों हैं। उनका कहना था कि हर चुनाव में बड़े वादे किए जाते हैं लेकिन मजदूरों की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।