गर्मी से बचने पानी के टंकी पर सोया युवक, नींद में करवट लेते ही नीचे गिरा; मौत

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में भीषण गर्मी से बचने की एक कोशिश जानलेवा साबित हुई। कुतुबशेर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे स्टेशन परिसर के पास स्थित एक ऊंची पानी की टंकी के नीचे एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि रात में अत्यधिक गर्मी के कारण युवक पानी की टंकी के ऊपर सोने चला गया था, जहां नींद में करवट लेते समय संतुलन बिगड़ने से वह सीधे नीचे आ गिरा। ऊंचाई से गिरने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना आरएमएस कार्यालय के सामने बने रेलवे क्वार्टरों के बीच की है। बुधवार सुबह जब स्थानीय निवासियों ने टंकी के नीचे एक युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी। कुतुबशेर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, तो युवक की सांसें थम चुकी थीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से पड़ रही रिकॉर्डतोड़ गर्मी के कारण रात में उमस बहुत बढ़ जाती है। माना जा रहा है कि यह युवक भी ठंडी हवा और राहत की चाह में टंकी के सबसे ऊपरी हिस्से पर जाकर सो गया था। देर रात गहरी नींद में अचानक करवट बदलने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह इतनी ऊंचाई से सीधे जमीन पर आ गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच आंकी जा रही है, हालांकि उसके पास से मोबाइल फोन, आधार कार्ड या कोई अन्य पहचान पत्र न मिलने के कारण फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक टंकी पर कब चढ़ा था और हादसे के वक्त वह अकेला था या उसके साथ कोई और भी मौजूद था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *