लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: रिटायरमेंट फाइल के बदले रिश्वत लेती पीडब्ल्यूडी की कर्मचारी गिरफ्तार

भोपाल। मध्य प्रदेश लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की एक महिला कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी महिला कर्मचारी ने रिटायर होने वाले एक वायरमैन से उनकी फाइल तैयार करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।

लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, पीडब्ल्यूडी के विद्युत यांत्रिकी उपसंभाग-1 में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अर्शी खान ने वायरमैन कार्तिकचंद्र सरकार की सेवानिवृत्ति फाइल को मंजूरी दिलाने के लिए 6000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। कार्तिकचंद्र सरकार अगस्त 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। परेशान होकर उन्होंने इस संबंध में लोकायुक्त पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक दुर्गेश राठौर की टीम ने एक ट्रैप तैयार किया। योजना के मुताबिक, मंगलवार को पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने आरोपी अर्शी खान ने जैसे ही आवेदक से रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 2500 रुपये लिए, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *