नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को बनारस से दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। बनारस से पुणे और अयोध्या से मुंबई के बीच शुरू होने वाली यह सेवाएं पूरी तरह नॉन एसी हैं लेकिन इनमें आधुनिक सुविधाओं का समावेश किया गया है। निम्न और मध्यम आय वर्ग के यात्रियों के लिए डिजाइन की गई ये ट्रेनें अपनी पुश-पुल तकनीक के कारण झटकों से मुक्त और तेज सफर सुनिश्चित करेंगी। बनारस-पुणे ट्रेन प्रतिदिन संचालित होगी जबकि अयोध्या-मुंबई ट्रेन सप्ताह में एक बार यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाएगी।
आस्था और रोजगार के केंद्रों के बीच सीधा संपर्क स्थापित
इन नई ट्रेनों के संचालन से काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या के श्रीराम मंदिर तक पहुंचना अब आम आदमी के लिए बेहद किफायती और आसान हो जाएगा। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, झांसी, सुल्तानपुर और मध्य प्रदेश के भोपाल, इटारसी व जबलपुर जैसे प्रमुख शहर अब सीधे महाराष्ट्र के आर्थिक केंद्रों से जुड़ जाएंगे। ट्रेनों के भीतर सीसीटीवी निगरानी, मोबाइल चार्जिंग, आधुनिक शौचालय और दिव्यांगों के अनुकूल विशेष व्यवस्था की गई है। यह पहल न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी बल्कि लाखों प्रवासी मजदूरों और छात्रों के लिए जीवनरेखा साबित होगी।
