नई दिल्ली। इजरायल के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका के खिलाफ भी जंग का ऐलान करते हुए मध्य पूर्व में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया है। जानकारी के अनुसार ईरान ने एक साथ कई देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने सऊदी अरब, जॉर्डन, बहरीन, कुवैत, कतर और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों पर मिसाइलें दागीं। बहरीन ने शनिवार को पुष्टि की कि देश में मौजूद अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के मुख्यालय को निशाना बनाकर मिसाइल हमला किया गया। राजधानी मनामा में भी धमाकों की आवाज सुनाई देने की खबर है।
बताया जा रहा है कि ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात के अल धफरा एयर बेस, कुवैत के अमेरिकी सेना अड्डे और सऊदी अरब में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को भी निशाना बनाया। कतर की राजधानी दोहा में भी धमाकों की आवाज सुनी गई, जिसके बाद वहां एयरबेस को बंद कर दिया गया है।
बहरीन की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार देश के बाहर से हुए हमले के कारण कई स्थानों पर धमाके हुए हैं। बहरीन सरकार ने इसे देश की संप्रभुता और सुरक्षा का खुला उल्लंघन बताया है और आपात कदम उठाने की बात कही है।
कतर में लोगों के मोबाइल फोन पर चेतावनी अलर्ट जारी किए गए, जिसमें नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। कतर ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है और कई उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।
कुवैत में भी सायरन बजने और धमाकों की आवाज सुनाई देने की जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार कतर में अल उबैद एयरबेस, कुवैत में अल सलेम एयरबेस और संयुक्त अरब अमीरात में अल धफरा एयर बेस को निशाना बनाया गया।
ईरान के हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। रिपोर्ट के अनुसार संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में एक व्यक्ति की मौत की खबर है, जबकि दुबई में भी तेज धमाकों की सूचना मिली है। संयुक्त अरब अमीरात ने इन हमलों का जवाब देने की चेतावनी दी है।