रायपुर
छत्तीसगढ़ सरकार अपने संकल्प के अनुरूप होली पर्व से पूर्व 28 फरवरी को राज्य के अन्नदाताओं के बैंक खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि अंतरित करेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड स्थित रहंगी खेल मैदान में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में कृषक उन्नति योजना के तहत राज्य के 25 लाख 28 हजार किसानों को यह राशि जारी करेंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू करेंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा और कृषि मंत्री रामविचार नेताम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
दोपहर 12 बजे से आयोजित होने वाले इस समारोह के माध्यम से किसानों को धान के मूल्य के अंतर की राशि एकमुश्त प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने पूर्व में यह निर्णय लिया था कि किसानों को होली से पहले यह भुगतान कर दिया जाएगा, जिससे उनके त्योहार का उत्साह दोगुना हो सके।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को धान का उचित मूल्य देने के लिए कृषक उन्नति योजना संचालित कर रही है। इस योजना के तहत राज्य के किसानों को प्रति क्विंटल 3100 रुपये का मूल्य दिया जा रहा है, जो देश में सर्वाधिक है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान राज्य में 25 लाख 28 हजार किसानों से समर्थन मूल्य पर 141 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया है। इस योजना का लाभ धान बेचने वाले सभी पंजीकृत किसानों को प्राप्त होगा।
अब तक कृषक उन्नति योजना और अन्य किसान हितैषी योजनाओं के माध्यम से राज्य के अन्नदाताओं के खातों में 1.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे भेजी जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, सरकार ने इस वर्ष के बजट में कृषि मजदूरों के लिए बीमा कवरेज, दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के लिए 600 करोड़ रुपये और सिंचाई पंपों को निःशुल्क बिजली देने हेतु 5500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना हेतु भी 820 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। सरकार की इन नीतियों से राज्य में खेती-किसानी के प्रति उत्साह बढ़ा है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का संकेत है।