अंबिकापुर में पीलिया के प्रकोप की खबरों के बीच निगम की सफाई, पानी के 35 में से 34 सैंपल मिले सुरक्षित

रायपुर। अंबिकापुर नगर निगम के मोमिनपुरा वार्ड में पीलिया के संक्रमण की खबरों पर निगम प्रशासन ने वस्तुस्थिति स्पष्ट की है। निगम आयुक्त के अनुसार क्षेत्र में 47 व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें केवल एक व्यक्ति में पीलिया के लक्षण मिले हैं। इसी तरह वार्ड से लिए गए पानी के 35 सैंपलों में से 34 सैंपल सुरक्षित पाए गए हैं और केवल एक में बैक्टीरिया की मात्रा निर्धारित मानक से अधिक मिली है।

नगर निगम आयुक्त ने बताया कि शहर में अमृत मिशन योजना के माध्यम से 32.5 एमएलडी शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। मोमिनपुरा में पीलिया की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया गया। 23 और 24 फरवरी को एकत्रित किए गए पानी के सैंपलों को ई-कोलाई जांच के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। एहतियात के तौर पर सैंपलों को सूरजपुर और रायपुर की राज्य स्तरीय लैब में भी परीक्षण के लिए भेजा गया है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में 47 लोगों के ब्लड सैंपल लिए गए थे, जिनमें से एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अन्य 32 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आनी शेष है। समाचार पत्रों में दो व्यक्तियों की मौत को पीलिया से जोड़ने पर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार उनकी मृत्यु अन्य बीमारियों के कारण हुई है।

वर्तमान में नगर निगम की टीमें शहर में निरंतर नाली सफाई और पाइपलाइन लीकेज सुधार का कार्य कर रही हैं। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंबिकापुर में संक्रमण या महामारी जैसी कोई स्थिति नहीं है और सभी वार्डों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *