रायपुर। राजधानी में ठगी के दो अलग-अलग मामलों में एक युवती और एक इलेक्ट्रॉनिक व्यवसायी से कुल 9 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पुराना कांशी राम नगर निवासी प्रीति कुर्रे ने पुलिस को बताया कि 8 जनवरी से 10 जनवरी के बीच उनके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने उन्हें सूचित किया कि उनके नाम पर एक कीमती उपहार आया है। उपहार की डिलीवरी प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर ठग ने युवती को एक लिंक भेजा और विभिन्न बहानों से अपने खाते में 2.95 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। लगभग डेढ़ महीने तक उपहार का इंतजार करने के बाद जब युवती को ठगी का एहसास हुआ, तब उन्होंने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
धोखाधड़ी का दूसरा मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है। एमजी रोड स्थित ए. लीला इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक मनोहर मंधानी ने अपने कर्मचारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, फर्म में वसूली सेल्समैन के रूप में कार्यरत रोशन पेशवानी देनदारों से वसूली गई 6,15,800 रुपये की राशि लेकर फरार हो गया। यह रकम उसने 6 फरवरी से 24 फरवरी के बीच विभिन्न पार्टियों से एकत्र की थी। संचालक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी सेल्समैन के विरुद्ध धारा 316-4 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।