छत्तीसगढ़ बजट 2026-27: शिक्षा, कौशल विकास और विमानन क्षेत्र के लिए बड़ी घोषणाएं, प्रदेश में खुलेंगे तीन नए मेडिकल कॉलेज

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आज राज्य का बजट प्रस्तुत किया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सदन में बजट भाषण के दौरान युवाओं और अधोसंरचना के विकास पर विशेष जोर दिया। शिक्षा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए उन्होंने युवाओं की करियर काउंसलिंग हेतु 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसी क्रम में रायपुर की नालंदा लाइब्रेरी को अब युवाओं के करियर और उद्यमिता मार्गदर्शन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग देने के लिए सरकार ने तीन नई योजनाओं के तहत 33 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की है। साथ ही मुख्यमंत्री शिक्षा सहयोग योजना की शुरुआत की जा रही है, जिसके लिए 10 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इस योजना के माध्यम से छात्रों के हॉस्टल खर्च का वहन सरकार करेगी। कौशल विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्किल डेवलपमेंट के लिए बजट में 75 करोड़ रुपये रखे गए हैं।

विमानन क्षेत्र में विस्तार करते हुए वित्त मंत्री ने बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर एयरपोर्ट के विकास के लिए 80 करोड़ रुपये के अतिरिक्त फंड की घोषणा की है। कोरबा एयर स्ट्रिप का भी उन्नयन किया जाएगा। राज्य में हवाई संपर्क को और अधिक मजबूत करने के लिए सीजी वायु योजना शुरू की जाएगी, जिसके लिए 30 करोड़ रुपये का प्रावधान है। स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा करते हुए प्रदेश के कुनकुरी, मनेंद्रगढ़ और दंतेवाड़ा में तीन नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *