हाईवे पर डीजल लूटपाट करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से डीजल लूटपाट करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो एवं रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन, धारदार चाकू, नगदी रकम तथा 74 लीटर डीजल बरामद किया गया है। पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की भी पहचान कर ली है और पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है।
मामले में थाना सिरगिट्टी में अपराध क्रमांक 368/2026 के तहत धारा 303(2), 111, 309(4), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वहीं थाना कोनी में अपराध क्रमांक 264/2026 एवं 119/2026 दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
हाईवे किनारे खड़ी ट्रकों को बनाते थे निशाना
पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी रात्रि के समय स्कॉर्पियो एवं रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन से अलग-अलग हाईवे क्षेत्रों में घूमकर सड़क किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाते थे। आरोपी ट्रकों की डीजल टंकी तोड़कर ड्रम में डीजल भरते और मौके से फरार हो जाते थे। विरोध करने पर मारपीट करने से भी नहीं चूकते थे।
दिनांक 18 मई को बेवरेज कॉर्पोरेशन सिरगिट्टी के सामने खड़े वाहन से आरोपी डीजल चोरी कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने प्रार्थी के साथ मारपीट की। वहीं 24 मई 2026 को थाना कोनी क्षेत्र में ट्रेलर क्रमांक CG10BL8136 से करीब 100 लीटर डीजल लूटकर स्कॉर्पियो वाहन से फरार हो गए थे।
इसके अलावा 28 मार्च 2026 को ग्राम सेंदरी के पास नेशनल हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर क्रमांक CG04BS9548 से करीब 270 लीटर डीजल चोरी करने की घटना भी आरोपियों द्वारा अंजाम देना स्वीकार किया गया।
तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी से पहुंची पुलिस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए के एसीसीयू एवं थाना सिरगिट्टी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और पूर्व में हुई घटनाओं का गहन विश्लेषण करने का निर्देश दिया गया लगातार रेड कार्रवाई के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर बिलासपुर सहित बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा, सकरी बायपास, सरगांव, जांजगीर एवं कोनी हाईवे क्षेत्रों में डीजल लूटपाट की घटनाएं करना स्वीकार किया।
यह आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में संजय कुमार कुर्रे निवासी ग्राम बगडबरी थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा, मणीशंकर कुर्रे निवासी ग्राम बगडबरी तथा अमित भारद्वाज निवासी ग्राम बगडबरी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी अमित भारद्वाज के कब्जे से रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन एवं 600 रुपये नगद, आरोपी संजय कुर्रे के कब्जे से स्कॉर्पियो वाहन, धारदार चाकू एवं 800 रुपये नगद तथा आरोपी मणीशंकर कुर्रे के कब्जे से 1200 रुपये नगद बरामद किया है। इसके अतिरिक्त 74 लीटर डीजल भी जब्त किया गया है।
गिरोह के अन्य सदस्य भी चिन्हित
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान आरोपियों की संलिप्तता थाना कोनी के अन्य मामलों में भी पाई गई है। गिरोह के फरार सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *