रांची: चतरा में एयर एंबुलेंस क्रैश, मरीज समेत विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत

रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस सोमवार रात चतरा जिले के सिमरिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में विमान में सवार मरीज, उनके परिजनों और मेडिकल टीम सहित कुल सात लोगों की मौत हो गई। विमान ने रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी, जिसके कुछ ही देर बाद इसका संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया।

जानकारी के अनुसार, लातेहार जिले के चंदवा निवासी संजय कुमार आग से गंभीर रूप से झुलस गए थे। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के देवकमल अस्पताल से दिल्ली ले जाया जा रहा था। रेड बर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड के इस बीच क्राफ्ट सी-90 एयर एंबुलेंस ने शाम करीब 7:11 बजे उड़ान भरी थी।

रडार से गायब हुआ विमान

रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि शाम 7:34 बजे विमान का एटीसी से संपर्क अचानक टूट गया। इसके तुरंत बाद हाई अलर्ट जारी किया गया। बाद में सूचना मिली कि विमान सिमरिया थाना क्षेत्र के करमाटांड़ गांव के पास जंगलों में क्रैश हो गया है। स्थानीय लोगों ने जंगल में विमान का मलबा देखा और तत्काल पुलिस-प्रशासन को इसकी जानकारी दी।

हादसे में इन्होंने गंवाई जान

इस दर्दनाक हादसे में मरीज संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना देवी और उनके परिजन ध्रुव कुमार की मौत हो गई। इनके अलावा विमान के चालक दल और मेडिकल टीम के सदस्य कैप्टन विवेक विकास भगत, कैप्टन स्वराज दीप सिंह, डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता और पैरा मेडिकल स्टाफ सचिन कुमार गुप्ता ने भी जान गंवा दी।

राहत और बचाव कार्य जारी

हादसे की खबर मिलते ही चतरा जिला पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत कार्य शुरू किया गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, विमान का संपर्क अगले स्टेशन से हुआ था और कंट्रोल सौंपने की प्रक्रिया के दौरान ही यह रडार से ओझल हो गया। प्रशासन ने घटना की जांच के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *