दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तमिलनाडु और बंगाल से 8 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, आईएसआई से जुड़े तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से कुल 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं, जो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और बांग्लादेशी आतंकी संगठनों के इशारे पर देश में बड़ी साजिश रच रहे थे।

पुलिस ने तमिलनाडु के तिरुप्पुर स्थित विभिन्न गारमेंट यूनिट्स से 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें उथुकुली से 2, पल्लादम से 3 और तिरुमुरुगनपूंडी से 1 आरोपी शामिल है। गिरफ्तार संदिग्धों की पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबत, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल के रूप में हुई है। वहीं, 2 अन्य संदिग्धों को पश्चिम बंगाल से पकड़ा गया है।

जांच में खुलासा हुआ है कि ये सभी आरोपी फर्जी आधार कार्ड के जरिए अपनी पहचान छिपाकर गारमेंट इंडस्ट्री में काम कर रहे थे। ये लोग सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी आतंकी संगठनों के समर्थन में प्रचार कर रहे थे और युवाओं को गुमराह करने की कोशिश में जुटे थे। इनके पास से 8 मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं, जिनसे विदेशी हैंडलर्स और फंडिंग के सुराग मिले हैं।

सूत्रों के अनुसार, इन संदिग्धों ने देश के कई महत्वपूर्ण शहरों की रेकी की थी और ये दिल्ली में विवादित पोस्टर लगाने जैसी गतिविधियों में भी शामिल थे। तमिलनाडु से पकड़े गए सभी आरोपियों को ट्रेन के माध्यम से दिल्ली लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *