रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) परीक्षा-2024 के परिणाम जारी करते हुए अंतिम चयन सूची घोषित कर दी है। विधि एवं विधायी कार्य विभाग के अंतर्गत कुल 57 पदों पर भर्ती के लिए यह प्रक्रिया संपन्न की गई है। इस भर्ती का विज्ञापन दिसंबर 2024 में जारी किया गया था, जिसके बाद चयन के विभिन्न चरणों को पूरा किया गया।
आयोग के अनुसार, व्यवहार न्यायाधीश पद के लिए मुख्य परीक्षा 21 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी, जिसके परिणाम 22 जनवरी 2026 को घोषित किए गए थे। मुख्य परीक्षा के आधार पर साक्षात्कार के लिए कुल 183 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। साक्षात्कार की प्रक्रिया 10 फरवरी से 20 फरवरी 2026 तक चली। विशेष बात यह रही कि साक्षात्कार के लिए आमंत्रित सभी 183 अभ्यर्थियों ने इसमें भाग लिया और कोई भी अभ्यर्थी अनुपस्थित या अयोग्य नहीं पाया गया।
अंतिम चयन सूची लिखित मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के कुल योग के आधार पर मेरिट क्रम में तैयार की गई है। कुल 57 विज्ञापित पदों के विरुद्ध 57 योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निर्धारित नियमों का पूर्णतः पालन किया गया है।
राज्य की न्यायिक प्रणाली को मजबूती देने के लिए इन नियुक्तियों को काफी अहम माना जा रहा है। आयोग ने सफल अभ्यर्थियों को आगामी निर्देशों और नियुक्ति संबंधी जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट का निरंतर अवलोकन करने की सलाह दी है। चयन सूची जारी होने के बाद सफल उम्मीदवारों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल है।