भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र स्थित पीपल्स यूनिवर्सिटी को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस धमकी भरे संदेश के बाद संस्थान में हड़कंप मच गया और सुरक्षा के मद्देनजर पूरी यूनिवर्सिटी को खाली करा लिया गया है। फिलहाल पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर जांच कर रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, यूनिवर्सिटी प्रबंधन को एक ईमेल प्राप्त हुआ जिसमें कॉलेज की बिल्डिंग में बम रखे होने की बात कही गई है। धमकी देने वाले ने मेल में लिखा है कि कॉलेज परिसर में सायनाइड पॉइजन वाले बम रखे गए हैं, जिनमें दोपहर 12:15 बजे विस्फोट होगा। इसके साथ ही सुबह 11:00 बजे तक सभी डॉक्टरों और छात्रों को बाहर निकालने की चेतावनी दी गई थी।
विशेष बात यह है कि इस ईमेल में एलटीटीई (LTTE) संगठन का भी जिक्र किया गया है। सूचना मिलते ही निशातपुरा थाना पुलिस और बम निरोधक टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है। एहतियात के तौर पर परिसर को पूरी तरह खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस साइबर सेल की मदद से धमकी भरा मेल भेजने वाले व्यक्ति की तलाश में जुट गई है।