जशपुर में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म, आरोपी फरार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की हैवानियत की घटना सामने आई है। नाटक देखकर घर लौट रही 17 वर्षीय नाबालिग को दो अज्ञात युवकों ने झांसा देकर जंगल ले जाकर बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़िता बेहोशी की हालत में जंगल में मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी की रात नाबालिग स्थानीय नाटक कार्यक्रम देखने गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने उसे घर तक छोड़ने का बहाना बनाकर मोटरसाइकिल पर बिठाया और सूनसान जंगल की ओर ले गए। वहां उन्होंने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।

बिजली सब स्टेशन के पास बेहोश मिली पीड़िता
नाबालिग रात भर घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। 17 फरवरी की रात बिजली सब स्टेशन के पास उसे अचेत अवस्था में पाया गया। ग्रामीणों की मदद से उसे तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत बिगड़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव रेफर किया गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
पत्थलगांव पुलिस ने पीड़िता की मां के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की। इलाज के दौरान पीड़िता ने पुलिस को पूरी घटना बताई। घटना बागबहार थाना क्षेत्र में होने के कारण शून्य एफआईआर दर्ज कर केस डायरी संबंधित थाने को भेज दी गई है।

पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पीड़िता का इलाज जारी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। इस घटना से इलाके में रोष व्याप्त है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *