रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक ढांचे के लिए मंगलवार और बुधवार का दिन विशेष उपलब्धियों वाला रहा। बीते दो दिनों के भीतर राज्य को कुल 9 नए आईएएस अधिकारी मिले हैं। भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने इस संबंध में औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी है।
विभागीय आदेश के अनुसार, मंगलवार को राज्य प्रशासनिक सेवा के सात अधिकारियों को आईएएस अवार्ड प्रदान किया गया था। इसी क्रम में बुधवार को अन्य सेवा वर्ग के दो अधिकारियों के नामों पर भी मुहर लगा दी गई। अन्य सेवा वर्ग से ऋषभ कुमार पराशर और तरुण कुमार किरण को भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्त किया गया है।
भारत सरकार द्वारा जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि राष्ट्रपति ने भारतीय प्रशासनिक सेवा भर्ती नियम 1954 के नियम 8(2) और चयन द्वारा नियुक्ति विनियम 1997 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए इन अधिकारियों की नियुक्ति की है। इन अधिकारियों को वर्ष 2024 की चयन सूची के अंतर्गत उपलब्ध रिक्तियों के विरुद्ध परिवीक्षा पर नियुक्त किया गया है।
अधिसूचना के अनुसार, इन सभी नवनियुक्त अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा कैडर नियम 1954 के तहत छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित किया गया है। राज्य में आईएएस अधिकारियों की इस नई खेप से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने और अनुभवी नेतृत्व मिलने की उम्मीद है।