जगदलपुर। लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम टाकररागुड़ा में लापरवाही के कारण मधुमक्खियों के हमले की घटना सामने आई है। असामाजिक तत्वों द्वारा सड़क किनारे लगे मधुमक्खी के छत्ते पर पत्थर मारने के बाद मधुमक्खियां उग्र हो गईं और राहगीरों पर हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा तफरी मच गई।
घटना के दौरान बाइक से गुजर रहे लछिंधर नाग और संजय नाग घायल हो गए। दोनों घरेलू सामान खरीदने निकले थे। अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। अन्य राहगीरों को भी अपनी जान बचाने के लिए जमीन पर लेटना पड़ा, जबकि कई लोगों ने वाहन छोड़कर भागकर शरण ली।
घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने ऐसे कृत्य करने वालों पर सख्त कार्रवाई और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। प्रशासन से सतर्कता बढ़ाने की अपील की गई है।