एकतरफा प्रेम में युवती पर कटर से हमला, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले में एकतरफा प्रेम के चलते सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लंबे समय से युवती का पीछा कर रहे एक युवक ने उस पर कटर से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक होने पर उसे आईसीयू में रखा गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसके शरीर पर करीब 60 टांके लगे हैं। घटना नेवई थाना क्षेत्र की है।

शादी के बाद भी करता रहा पीछा
पुलिस के अनुसार पीड़िता की शादी वर्ष 2023 में रायपुर निवासी आशीष नवरंगे से हुई थी और वह पति के साथ रायपुर में रहती है। महाशिवरात्रि के अवसर पर वह अपने मायके शिवपारा स्टेशन मरोदा, नेवई आई हुई थी। शाम को बैकुंठधाम मंदिर में पूजा कर घर लौटते समय इंदिरा चौक के पास गली में घात लगाए युवक ने उसे रोक लिया और बातचीत के लिए दबाव बनाया। मना करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए कटर से हमला कर दिया।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर युवती को बचाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पीड़िता ने परिजनों को बताया कि यदि वह झुककर खुद को नहीं बचाती तो आरोपी उसकी हत्या कर सकता था।

शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोट
हमले में युवती की गर्दन, दाहिने हाथ की कलाई, गाल और पसलियों के पास गंभीर घाव आए हैं। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसे आईसीयू में निगरानी में रखा गया है।

छह साल से कर रहा था परेशान
परिजनों के अनुसार आरोपी पिछले करीब छह वर्षों से युवती को परेशान कर रहा था। वर्ष 2020 से वह लगातार उसका पीछा कर रहा था और कॉलेज के समय से ही बातचीत के लिए दबाव बनाता था। शादी के बाद भी उसका व्यवहार नहीं बदला और मायके आने पर वह फिर पीछा करने लगता था। परिजनों का आरोप है कि उसने पहले युवती के पिता और भाई को भी जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपी का घर पीड़िता के घर से लगभग 500 मीटर दूर बताया गया है।

सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस ने आरोपी योगेंद्र कुमार यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *