रायपुर। तंजानिया में सोने की खदान दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले अंतरराष्ट्रीय ठग को रायपुर पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। आरोपी यश राजेश शाह वियतनाम फरार होने की फिराक में था, जिसे लुकआउट सर्कुलर की मदद से हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रायपुर के कारोबारी समर्थ बरडिया से दो करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की थी। यश राजेश शाह ने कारोबारी को तंजानिया बुलाया और वहां अब्दुल्लाह किलियावापे न्युजे नामक व्यक्ति को अपना पार्टनर बताकर सोने की खदान में निवेश का झांसा दिया। सौदा तय होने के बाद आरोपी ने बड़ी रकम ऐंठ ली और फरार हो गया। रायपुर के सिविल लाइन थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।
अदालत से जमानत याचिका खारिज होने के बाद आरोपी देश छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस की मुस्तैदी के चलते उसे मुंबई एयरपोर्ट पर दबोच लिया गया। मामले का दूसरा आरोपी अब्दुल्लाह फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस पकड़े गए आरोपी को रायपुर लाकर पूछताछ करने की तैयारी में है।