रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम के शुष्क बने रहने के साथ ही अब गर्मी का असर बढ़ने लगा है। राजधानी रायपुर में दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस महीने के अंतिम दिनों तक पारा 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वर्तमान में पश्चिम से पूर्व की ओर चलने वाली हवाओं के प्रभाव के कारण दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
पिछले चौबीस घंटों के दौरान रायपुर का न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। प्रदेश में लगातार तीसरे दिन रायपुर सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार फरवरी के आखिरी सप्ताह तक गर्मी अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर देती है। फिलहाल दिन में तेज धूप और गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि रात के समय हल्की राहत बनी हुई है। जैसे-जैसे रात के तापमान में वृद्धि होगी, राज्य से ठंड की पूरी तरह विदाई हो जाएगी। हालांकि, अंबिकापुर सहित उत्तरी छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों में अभी भी ठंड का प्रभाव बना हुआ है, जहां मार्च के अंत तक सर्दी रहने की संभावना है।
रायपुर में मौसम का हाल
राजधानी रायपुर में सोमवार को सुबह के वक्त हल्की धुंध छाए रहने के आसार हैं, जबकि दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी महसूस होगी। मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।