जगदलपुर। शहर के इंदिरा स्टेडियम के पास खड़ी एक ब्रेजा कार में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय नागरिकों की सूचना पर बोधघाट थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान वृंदावन कॉलोनी निवासी शोभा राम देहारी के रूप में हुई है। वे छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (सीजीएमएससी) के नियानार कार्यालय में एसडीओ के पद पर कार्यरत थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जगदलपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक को बीती रात शराब के नशे में किसी से फोन पर ऊंची आवाज में बात करते देखा गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हृदयाघात का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से बारीकी से जांच कर रही है।