बांग्लादेश में आम चुनाव से पहले हिंदू युवक की हत्या, चाय बागान में हाथ-पैर बंधी मिली लाश

नई दिल्ली। बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले आम चुनाव से ठीक एक दिन पहले एक हिंदू युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मौलवीबाजार जिले के कमलगंज उपजिला स्थित एक चाय बागान से 28 वर्षीय रतन साहूकार का शव बरामद किया गया है। इस घटना के बाद स्थानीय अल्पसंख्यक समुदाय में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, रतन साहूकार का शव खून से लथपथ हालत में मिला। पुलिस ने बताया कि मृतक के हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। रतन इसी चाय बागान में श्रमिक के रूप में कार्यरत था और इस्लामपुर यूनियन से जुड़ा हुआ था।

परिजनों के मुताबिक, रतन पिछली रात से लापता था और वे लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। सुबह स्थानीय लोगों ने बागान में शव देखकर पुलिस को सूचित किया। रतन के बड़े भाई लक्ष्मण कर ने बताया कि परिवार इस घटना से सदमे में है और उन्हें हत्या के कारणों की जानकारी नहीं है।

घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों का अनुमान है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को चाय बागान में लाकर फेंक दिया गया। कमलगंज पुलिस स्टेशन के प्रभारी अब्दुल अवाल ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मौलवीबाजार सदर अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *